Search This Blog

Monday 28 July 2014

जुल्म की इंतहा

हिंदुस्तान में जब भी विकास की चर्चा होती है। तो सबसे पहले पंजाब और उसके पड़ोसी राज्य हरियाणा का नाम आता है। जहां के लहलहाते खेत हर किसी को आकर्षित करते हैं। लेकिन उसी हरियाणा के दिल में जो दर्द है उससे भी हर कोई वाकिफ है। लिंगानुपात में भारी अंतर सूबे की गंभीर समस्या है। उस पर महिला अपराध में हो रही बढ़ोत्तरी इस अंतर को खाई में तब्दील कर रही है। लेकिन दस साल से सत्ता पर काबिज किसानों का मसीहा बताने वाले सूबे के मुखिया भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुपचाप बस सब कुछ देखे जा रहे हैं। और महिला अपराध यौवन पाने को बेताब है। रिआया के राजा जब मौन हैं, तो खाकी वाले साहब को क्या पड़ी है कि, वो भी अपने इलाके की खोज खबर लें। इसी अराजकता ने दबंगों को इतना बेखौफ कर दिया है कि उन्हे अब तो कानून की आहट भी सुनाई नहीं पड़ती। तभी तो हुड्डा साहब के गृहनगर में हैवानों ने ऐसा खेल खेला कि सुनने वालों के पैरों तले जमीन खिसक गयी। जब मुखिया का नगर ही नहीं सुरक्षित है तो बाकी क्षेत्रों के सुरक्षा का अंदाजा आप खुद ही लगा सकते हैं। यही वजह है कि सीएम साहब की नाक के नीचे भी दबंगई जारी है।
रोहतक जिले में ढाई महीने पहले दबंगों ने एक दलित महिला के साथ बलात्कार किया...और शिकायत करने पर सख्त पाबंदी भी लगा दी। लेकिन महिला के साहस के आगे उनकी धमकी चूर हो गयी और पीड़िता थाने पहुंचकर नामजद शिकायत की। मामला कोर्ट तक पहुंचा तो दबंगो का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। और महिला को पति समेत घर से उठा ले गये। फिर क्या एक सुनसान मकान में ले जाकर उन्हे ऐसी यातनाएं दी जिसे सुनकर हर कोई कांप गया। पति को बांधकर लाठी डंडों से पिटाई की और महिला को निर्वसस्त्र कर बांध दिया। मारते मारते थक गये तो महिला के निजी अंगों में कीले ठोंके दी। खाना पूर्ति करने पहुंची पुलिस पीडितों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से दो दिन बाद उसे छुट्टी भी मिल गयी। लेकिन डॉक्टरों ने भी उसके साथ मजाक किया। पीड़ितों को अस्पताल से छुट्टी तो मिल गयी लेकिन उनके जख्मों ने विकराल रूप ले लिया। महिला को इंफेक्शन हो गया। बदहवास महिला को आनन फानन में पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया।

खाकी वाले साहब कहते हैं कि मामला तो दर्ज किया था। लेकिन बलात्कार साबित करने के लिए सुबूत पर्याप्त नहीं थे। अब जो हैवानियत हुई है उसकी जांच करेंगे फिर जैसा मामला बनेगा वैसी धारा में कार्रवाई की जाएगी। एक चैनल पर डीएसपी साहब भी पीड़िता से बात कर रहे थे मै तो सुनकर हैरान हो गया कि पूरी बात में डीएसपी के मुंह से एक बार भी नहीं निकला की हम कार्रवाई करेंगे बल्कि उपर से महिला को ही गलत साबित करने लगे। ऐसी खकी से कैसे होगी आम जन की रक्षा। हे भगवान तू ही करे बेड़ा पार। हुड्डा सरकार की जय हो जय हो जय हो। 

No comments:

Post a Comment