Search This Blog

Sunday, 1 March 2015

मुफ्ती का दर्द जनता की अरदास

अभी चलना ही शुरू किया कि कदम लड़खड़ा गए
कदम तो संभल गए साहब पर जुबान नहीं संभली
6 साल साथ चलने का आइना पल भर में टूट गया
10 साल बाद फिर दिल का दर्द छलक आया
कब तक जोड़ेंगे भविष्य के आइने को अपने गम से
फिर पता चला की आइना तो बना ही है टूटने की खातिर
अमन की अरदास और जिंदा कैसे रहे विकास की रफ्तार
कुदरत की खूबसूरती को राजनीति ने बदसूरत बना दिया
जमीं के जन्नत को भी अपने पराए में बांट दिया
इंसानियत के लहू पर धर्म का मुलम्मा चढ़ा दिया
कुर्सी की लालसा ने भाई को भाई का कातिल बना दिया
सियासत के साजो सामान ने जनता को आलसी बना दिया
मुफ्त बांटने की घोषणा ने अवाम को काहिल बना दिया
हमें बख्श दो हिंदुस्तान की राजनीति के रणनीतिकारों
अब हिंदू मुसलमां में न बांटो, हरे-लाल रंग में न बांटो

मेरे दिल में हिंदुस्तान और हाथों में तिरंगा रहने दो

Saturday, 28 February 2015

बजट ने काटी जेब

ये है मोदी सरकार...पूर्ण बहुमत की सरकार...विकास करने वाली सरकार...महंगाई कम करने वाली सरकार...लेकिन जनता को सरकार कम, बोझ अधिक लग रही है...बोझ लगे भी क्यों ना...कहते हैं कि सत्ता का नशा शराब से कई गुना अधिक होता है...मोदी सरकार भी पिछले साल आम चुनाव में मिली एतिहासिक जीत से अहंकार के सातवें आसमान पर पहुंच गयी...उससे भी अधिक उड़ान तब मिली जब ताबड़तोड़ हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड और जम्मू कश्मीर में शानदार प्रदर्शन किया तो अहंकार की सीमा पाताल में पहुंच गयी...लेकिन देश की राजधानी दिल्ली जो खुद पूरा नहीं बल्कि अधूरा है और पार्टी जो पुरानी नहीं बिल्कुल नई और अनुभवहीन रही...उसने तो हिंदुस्तान में दूसरे नंबर की पार्टी बीजेपी को ऐसी पटखनी दी...जो इतिहास के पन्ने में हमेशा के लिए दर्ज हो गया...वहां ना मोदी का जादू का चला..ना बीजेपी की आंधी...वहां तो आम आदमी ने पूरी तरह से झाड़ू चलाकर कईयों की जमानत पर ताला लगा दिया...उस ताले को खोलने के लिए बीजेपी के पास भी कोई चाबी नहीं है...

खैर जनता की अरदास को उस समय गहरी ठेस पहुंची...जब वित्त मंत्री अरुण जेटली ने लोकसभा में अपनी पोटली खोली...पोटली खुली तो कही खुशी कहीं गम से माहौल सराबोर हो गया और जनता के अच्छे दिनों की आरजू का ख्वाब चकनाचूर हो गया...सर्विस टैक्स को 12.36% से बढ़ाकर 14% कर जनता की जेब पर डाका डाला...7.4 फीसदी सकल घरेलू उत्पाद को बढ़ाकर दो अंकों में पहुंचाने का लक्ष्य है...लक्ष्य कुछ भी हो ये तो आप ही जानते हैं साहब...राजकोषीय घाटा, विदेशी मुद्रा भंडार का लक्ष्य पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है...लेकिन उसका ये मतलब कतई नहीं निकलता कि आम आदमी की जेब पर डाका डालकर उसकी भरपाई की जाय...आम आदमी आंकड़ों की बाजीगरी को नहीं जानता...आम आदमी को सिर्फ इससे मतलब होता है...चावल, दाल और आटे के दाम में कितनी कटौती की गयी है...लेकिन यहां तो सरकार ने छल छद्म का ऐसा खेल खेला...जिसे समझने में जनता के भी पसीने छूट जाएंगे और सरकार आंकड़ों की जादूगरी का डंका पीट रही है...जबकि दिन में जेब काटने से भी संतोष नहीं हुआ और शाम को डकैती डाल कर जनता को लूट लिया...पहले बजट का शॉट देने के बाद डीजल पेट्रोल की कड़वी घूंट पिलाकर बेहोश कर दिया..फिर क्या जी भर कर लूटपाट मचाया...अब जनता करे भी क्या...अच्छे दिन आने से रहे...हां महंगाई के अच्छे दिन जरूर आ गए....

Monday, 23 February 2015

काशी को खांसी

मंदिरों और घाटों की छटा पर इतराती काशी लंबे वक्त से खांसी से परेशान है..लेकिन इसकी तरफ देखने की जहमत कोई नहीं उठाना चाहता...धार्मिक नगरी काशी में बाबा विश्वनाथ और काशी हिन्दू विश्वविद्यालय सारनाथ समेत प्राकृतिक सौंदर्य हर किसी को बरबस ही खींच लाता है...लेकिन वाराणसी में जिस तरह की लूट खसोट मची है...उससे परिचित शख्स कभी काशी में कदम नहीं रखेगा...स्टेशन पर उतरते ही ठगों का जाल काम करने लगता है...एक के बाद एक ठग बारी बारी से पास जाते रहते हैं...और जेब तो दूर गला काटने से भी परहेज नहीं करते...इस काम में उत्तर प्रदेश की मक्कार पुलिस भी बखूबी साथ निभाती है...वाराणसी से नरेंद्र मोदी के चुनाव जीतने और प्रधानमंत्री बनने के बाद थोड़ी उम्मीद जगी थी कि शायद अब काशी के माथे से दगाबाजी का कलंक मिट जाएगा...लेकिन ये तो और तेजी से पनपने लगा...अब तो झूठ पर झूठ बोला जाता है...दस रूपए का सामान बताकर 40 रूपए वसूलने का सिलसिला हर दिन उड़ान भरता है...काशी प्रशासन से लेकर यूपी सरकार और केंद्र सरकार तक सब मौन है...यूपी सरकार तो पर्यटन का ढिंढोरा पीटते नहीं थकती...लेकिन कभी पर्यटकों को होने वाली परेशानी पर चिंतन मंथन नहीं करती...करे भी क्यों और कैसे...जिसके जिम्मे सेवा सद्भाव सुरक्षा की जिम्मेदारी है वही लुटेरा बन गया है तो फिर भगवान ही बचाए 

राहुल की छुट्टी

दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के मंदिर में पूजा शुरू हो गयी है...लेकिन इस पूजा में कांग्रेसी युवराज राहुल गांधी गैरहाजिर रहेंगे...रहें भी क्यों ना ये तो उनकी मर्जी है...जनता ने तो वोट देकर भेजा था...कि संसद में उनके हित की वकालत करेंगे...लेकिन ये साहब तो अपना हित साधने के लिए छुट्टी पर निकल पड़े...वैसे भी संसद के सत्र के दौरान खर्राटे भरते रहे हैं...तो ऐसे में रहे या न रहें क्या फर्क पड़ता है...कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी कोप भवन में चले गए हैं...वो भी ऐसे समय में, जब संसद का बजट सत्र चल रहा है...लेकिन राहुल कैकेयी के रोल में नहीं है...बल्कि चुनावी हार पर चिंतन और मंथन के लिए छुट्टी पर जा रहे हैं...कांग्रेस की हार का सिलसिला यूं तो पिछले साल से बदस्तूर जारी है...लेकिन दिल्ली चुनाव के नतीजों ने मुंह छुपाने को मजबूर कर दिया है...तो उनके भरोसेमंद सिपाही उनके बचाव में खड़े हो गए...कांग्रेस के युवराज मन बहलाने के लिए छुट्टी पर हैं...ये बात सत्तारूढ़ दल को हजम नहीं हो रही...कि आखिर सत्र के दौरान मन बहलाना जरूरी क्यों हो जाता है...जब जनहित के मुद्दों पर सदन में चर्चा हो रही हो...भला राहुल को इसी वक्त छुट्टी की जरूरत क्यों पड़ी...क्या कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा...सवाल है कि क्या राहुल नाराज होकर छुट्टी पर गए हैं...या पार्टी में राहुल को उतनी छूट नहीं मिल रही है जैसा वो चाहते हैं?...क्या कांग्रेस के बड़े नेता उनके खिलाफ षड़यंत्र करते हैं...या पार्टी की गुटबाजी से परेशान हैं?...क्योंकि हर हार के बाद कांग्रेस दफ्तर के बाहर ‘प्रियंका लाओ कांग्रेस बचाओ’ के पोस्टर से राहुल आहत हैं...कांग्रेस के इस जख्म पर बीजेपी नमक छिड़कने में पीछे कैसे रहती और व्यंग करते हुए कहा कि संसद में राहुल गांधी का काम ही कुछ नहीं तो फिर छुट्टी पर रहें या कोपभवन में कोई फर्क नहीं पड़ता..

Saturday, 31 January 2015

राहुल पर लेटर बम

ये हिंदुस्तान की राजनीति है...यहां हर नेता सियासी रसूख का भूखा है...सियासी चमक से ही उसकी भूख मिटती है...प्यास बुझती है...उस रसूख के लिए कुछ भी कर गुजरता है...जिससे उनके दिल को सुकून मिलता है...फिर क्या अपना और क्या पराया...जब दिल भर जाए तो नीति और नीयत अपने आप ही बदल जाती है...30 सालों से कांग्रेस की सेवा करने वाली जयंती नटराजन का दिल भी पार्टी से भर गया तो...पत्रों के जरिए अपने दिल का दर्द बयां कर रहीं हैं...दर्द नहीं सह पाई तो कांग्रेस को ही अलविदा कह दिया...नटराजन तो बिना नया ठिकाना ढूंढे पुराना घर छोड़ चलीं...उनका कद भी इतना छोटा नहीं है...कि कोई उन्हें पनाह देने से मना कर सके...कांग्रेस का मजबूत पाया हटा तो पूरी इमारत हिल गयी...अब सत्तारूढ़ बीजेपी कांग्रेसी किला ढहाने को तैयार है...जयंती पर अब सीबीआई का फंदा भी पड़ सकता है...कांग्रेस पर हमले को आतुर बीजेपी को मौका क्या मिला पूरी पार्टी एक साथ कांग्रेस पर हल्ला बोलकर पूर्व यूपीए सरकार के कार्यकाल में कामकाज के तरीकों पर सवाल उठा रही है...जयंती अब राहुल के गले की फांस बन गयी है... क्योंकि कांग्रेस की बची कुची इज्जत को भी बाजार में सरेआम कर दिया...वैसे भी पार्टी की कश्ती मझधार में हिलोरे ले रही है...अब तो लगता है कि कश्ती मझधार में ही रह जाएगी क्योंकि जिसके सहारे कश्ती थी एक एक कर दूर होते चले जा रहे हैं...और ये लेटर बम कितने लोगों को उठाता है...ये तो वक्त ही बताएगा...लेकिन राहुल गांधी पर जो आरोप लगा है...उससे बीजेपी को ऐसा अस्त्र मिल गया है जिससे वो चुनाव क्या, हर दिन-दिनदहाड़े कांग्रेस का कत्ल करेगी और कांग्रेस को बचाने के लिए न तो पुलिस होगी और न ही कचहरी...अवसरवाद के बिना राजनीति का वजूद अधूरा लगता है...यही वजह है कि कांग्रेस का पेड़ अपने सियासी बुढ़ापे की ओर क्या बढ़ा...कि पहले एक-एक कर उसके पत्ते गिरे तो अब टहनियां भी पेड़ का साथ छोड़ने लगी हैं. कांग्रेस के इस बगीचे और इन गिरते पेड़ों को संभालने की जिम्मेदारी जिस माली और बाग की देखभाल जिस चौकिदार के कंधों पर थी ... वो जिम्मेदार लोग ही देश के सबसे पुराने बगीचे को उजाड़ने में लगे हैं...अब बाग के चौकिदार “राहुल” को इस बाग की मकड़ी “जंयती नटराजन” ने अपने मकड़जाल में फंसाया है...तो चौकिदार “राहुल”  के कई चूहे “दिग्विजय सिंह” उस मकड़जाल को कुतरने कि कोशिश कर रहें हैं..लेकिन उस चूहे “दिग्विजय सिंह” के दांतों में वो दम नहीं हैं कि वो उस जाल को काट सकें... मकड़ी “जंयती नटराजन” को उस बाग में परेशानियां हुई तो उसने बाग को छोड़ने की रणनीति बनाई और एक मकड़जाल बनाया... मकड़ी के जाल से 130 साल पुराने बाग की बुनियाद तक हिल गयी...

Thursday, 8 January 2015

कलम की आवाज: मीडियाः तब और अब

कलम की आवाज: मीडियाः तब और अब: तब दौर कलम कॉलम का था, भाव समर्पण का था अब दौर कंप्यूटर, टैब का है, भाव स्वार्थ का है तब कलम में जान थी, अब कलम बे-जान है तब पत्रक...

मीडियाः तब और अब

तब दौर कलम-कॉलम का था, भाव समर्पण का था
अब दौर कंप्यूटर-टैब का है, भाव स्वार्थ का है
तब कलम में जान थी, अब कलम बे-जान है
तब पत्रकारिता की नीयत थी, अब पैसों की नीयत है
तब सच लिखते-दिखाते थे, अब सच बेचते हैं
तब समाज का दर्पण था, अब सरकारों को समर्पण है
तब खबरों के पीछे भागते थे, अब खबर से भागते हैं
तब दौर इज्जत कमाने का था, अब दौर TRP पाने का है
तब दौर कामदारों का था, अब दौर कामचोरों का है
तब दौर पत्रकारिता का था, अब दौर चाटुकारिता का है

हिन्दुस्तान दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, स्वस्थ लोकतंत्र का दिल है मीडिया। लेकिन अब न पहले जैसे तपस्वी पत्रकार हैं और न ही पत्रकारिता का समर्पण। राजनेता तो 100 फीसदी धर्मांतरण कर गए, तीनों के बीच एक-दूसरे की स्वार्थसिद्धि के लिए खुले आम खरीद-फरोख्त का खेल चल रहा है, ये रूकना चाहिए और मीडिया का सिविल सोसाइटी से जुड़ाव भी बढ़ना चाहिए, एक समय था जब मीडिया लोकतंत्र का जागरूक प्रहरी माना जाता था, आज इसकी स्थिति किसी सौतेले बेटे जैसी हो गयी है।

हर सरकार सार्वजनिक रूप से मीडिया को स्वीकार तो करती है, लेकिन उसके व्यवहार में दमन चक्र बंद नहीं होता, जितना भारी बहुमत, उतना ही बड़ा अहंकार और उतना ही भारी दमन चक्र। जनता के द्वारा, जनता का, जनता के लिए स्थापित लोकतंत्र चुनावी-घोषणाओं में ही दब कर रह जाता है, मीडिया साधन होता है सत्ता प्राप्ति का ? पर सत्ता मिलने के बाद मीडिया बोझ लगने लगता है, हालांकि जब मीडिया सरकार के आगे नतमस्तक हो जाती है तब सरकारें उस बोझ को कुछ हल्का महसूस करती हैं, नहीं तो आधिपत्य की स्वतंत्रता छीनने वाला मालूम पड़ता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंत्रिमण्डल के सदस्यों को शुरूआती सलाह में ये ज्ञान दिया था कि मीडिया के साथ अनावश्यक संवाद न बनाएं, बल्कि उचित दूरी भी रखें। अब सवाल ये है कि ऐसी स्थिति आखिर बनी क्यों और इससे बाहर निकलने का रास्ता क्या है? हां, कुछ बीमार ऐसे भी होते हैं, जिनको इलाज कराने में भी आनंद आने लगता है और वे बीमार रहने को असहज नहीं मानते, प्रेस की स्वतंत्रता और गुणवत्ता का अभाव उनको दु:खी नहीं करता, पिछली पीढ़ी में अधिकांश प्रेस मालिक स्वयं ही लिखते भी थे, सम्पादक थे, उनकी अपनी छवि थी।

आगे की पीढ़ियों में व्यापार का भाव प्रधान हो रहा है। अकेले मीडिया कर्म के भरोसे कोई घराना रातों-रात अरबपति भी नहीं हो सकता, ये आज की स्थिति है। सब धन के पीछे भागने वाले हो गए हैं, किसी भी युग में पत्रकार, साहित्यकार, कवि समृद्ध नहीं हुए, वे संकल्प के साथ जीते थे और लक्ष्य कर्म का होता था। पुरूषार्थी भी थे, मुफ्त का खाना उनको स्वीकार्य नहीं होता था, खुद्दार थे, देश सेवा, समाज सेवा उनकी प्राथमिकता थी। अपने अस्तित्व को सदा गौण ही रखते थे, ऐसे लोग ही बीज बनकर वृक्ष का रूप धारण कर लेते थे। उनके ही फल आज हम खा रहे हैं, इसके विपरीत आज का पत्रकार स्वयं अपने फल खाना चाहता है, जोकि प्रकृति के नियम-विरूद्ध है, लोकतंत्र के तीनों पाए अपने कर्मों के फल खुद ही खाना चाहते हैं।

मीडिया की अवधारणा इन्हीं पर निगरानी रखने के लिए बनी थी। समय का एक ऐसा झोंका आया कि, मीडिया भी चौथा पाया बनकर इन्हीं में शामिल हो गया, अब निगरानी करने वाला खो गया, उसने भी, अन्य तीनों पायों की तरह जनता से मुंह मोड़ लिया, आज का लोकतंत्र 'जनता का, जनता द्वारा तथा सरकारों के लिए' में रूपान्तरित हो गया है, जनता वोट देकर सत्ता सौंपती है, टैक्स देकर इनका पेट भी पालती है, काम करने की एवज में घूस भी देती है। फिर भी जनता का सम्मान नहीं होता। यही लोकतंत्र की नई परिभाषा है।

अमेरिका यात्रा को लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की अति कवरेज, मीडिया के विकास पर ट्राई की सिफारिशों की सरकार द्वारा अनदेखी और स्वयं सरकार द्वारा मीडिया की उपेक्षा-ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर व्यापक चर्चा की जरूरत महसूस की गई है। सरकार और मीडिया में लेन-देन की लुकाछिपी का खेल तेजी से बढ़ता जा रहा है, सभी सरकारें पत्रकारों को खरीदने का मानो आघोषित अभियान चलाकर रखती हैं, क्या-क्या प्रलोभन नहीं दिए जाते। मीडिया समूह अपने कर्मचारियों को वेतन देगा और सरकारें इन संस्थानों को रिश्वत देकर उनको अपने पक्ष में काम करने के लिए तोड़ने लगीं, तब प्रबंधन ने भी छलांग लगाई और खबरों की कीमत वसूलना शुरू कर दिया।

आज का महावाक्य बन गया, क्या फर्क पड़ता है, पेड न्यूज! मीडिया का चेहरा काला हो गया, कोई बात नहीं, बस धन आना चाहिए! इस संघर्ष में बेचारा पाठक स्वत: ही खो गया है, मीडिया समूह व्यापारिक घराने बनते जा रहे हैं, स्वार्थ सिद्धि न होने पर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आक्रामक होने लगते हैं, समस्या तो सुरसा की तरह बड़ी होती ही जा रही है, मीडिया पर बिकाऊ होने का काला टीका लग चुका है, मीडिया ने भी धन के आगे घुटने टेकने शुरू कर दिए हैं, लोकतंत्र में ननिगेहबानी की भूमिका निभाने का एक ही मार्ग दिखाई देता है, जनता के बीच जाना। सिविल सोसाइटी के साथ भागीदारी, टीम के साथ टीम जुड़ जाएंगी तो परिणाम अच्छे आते ही जाएंगे।

इसी में पत्रकार का वैश्वीकरण भी होता जाएगा, मीडिया बिकाऊ के स्थान पर टिकाऊ होता चला जाएगा, लोकतंत्र की गुणवत्ता के लिए सूचना और संचार तकनीक बेहतर सहयोगी है, आम नागरिक, सक्रिय मीडिया और न्यू मीडिया को प्रोत्साहित कर रही है, इसका उपयोग नकारात्मक कम सकारात्मक अधिक है, अब फिर से उस युग में लौटना पड़ेगा, पत्रकार कलम और कॉलम का सिपाही होता है। जिसकी खबर ही भूख खबर ही प्यास खबर ही दिन खबर ही रात, हर वक्त बस खबर ही खबर, जिसकी भूख कभी खत्म नहीं होती, हर विभाग हर संस्था में हफ्ते भर काम नहीं करती। लेकिन मीडिया में सातों दिन 24 घंटे काम होता है।

जब लोग दीवाली, ईद, होली और क्रिसमस मनाते हैं तो पत्रकार खबरों की तलाश में दरबदर भटकता रहता है, वो पत्रकार जो दिखते नहीं, लेकिन उनके कलम की आवाज सियासत और समाज के कानों को भेदती है, जैसे सरहद पर सिपाही का काम दिखता है, वैसे ही कलम और कॉलम के सिपाही का काम बोलता है, याद रखना देश के सजग प्रहरी अगर सो गए तो वोट के पुजारी ये वतन बेच देंगे।